शादी से इनकार पर कोतवाली गेट पर हाईवोल्टेज ड्रामा, युवती ने युवक को चप्पलों से पीटा

खबर शेयर करें 👉

बाजपुर। वर्षों से चले आ रहे प्रेम संबंध के बाद शादी से इनकार करने पर शनिवार को बाजपुर कोतवाली गेट पर जमकर हंगामा हो गया। गुस्साई युवती ने युवक पर चप्पलों से हमला कर दिया। घटना से कुछ देर के लिए कोतवाली परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया और मौके पर जुटी भीड़ को हटाकर स्थिति सामान्य की।
पुलिस के अनुसार, बरेली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का बाजपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से कई वर्षों से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवक रिश्ते में युवती की बहन का देवर है। दोनों परिवारों की सहमति से शादी की बात भी तय हो गई थी, लेकिन बाद में युवक ने विवाह करने से इनकार कर दिया।
इससे नाराज युवती पहले युवक के घर पहुंची, जिसके बाद मामला बाजपुर कोतवाली पहुंच गया। शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे दोनों पक्ष समझौते के लिए कोतवाली पहुंचे थे। इसी दौरान युवती की नजर युवक पर पड़ते ही दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्साई युवती ने गाली-गलौज करते हुए चप्पल निकालकर युवक की पिटाई शुरू कर दी।
अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी कुछ पल के लिए हैरान रह गए। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर युवक को युवती से अलग कराया। हंगामे के दौरान कोतवाली गेट पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने हटाकर स्थिति को सामान्य किया।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस युवक से पूछताछ कर रही थी, जबकि युवती अपने परिजनों के साथ कोतवाली से चली गई थी। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की जांच के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।