ढंडेरा में शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार
रुड़की। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में बाइक सवार दो बदमाशों ने शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, आक्रोशित लोगों ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर हंगामा करते हुए घेराव किया।
जानकारी के अनुसार, ढंडेरा निवासी अमन शराब की कैंटीन चलाते थे। शुक्रवार देर रात वह कैंटीन बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल अमन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में कांबिंग की, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
(फ़ोटो परिचय :- सांकेतिक)

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
