यहां नाइट शिफ्ट से लौट रहे मजदूर की सड़क हादसे में गई जान, चालक फरार

खबर शेयर करें 👉

ऊधमसिंह नगर के किच्छा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गई. तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है.

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना में कृष्णपाल (40 वर्ष) की मौत हो गई. कृष्णपाल, जिनके पिता का नाम महेश कुमार है, पंत नगर सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत थे. वह रोज की तरह अपनी नाइट शिफ्ट पूरी करके सुबह घर से अपने ससुराल के लिए जा रहे थे.

बताया जा रहा है कि जैसे ही वह किच्छा स्थित इंट्राक कंपनी के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी स्प्लेंडर बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कृष्णपाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था में कृष्णपाल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.कृष्णपाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के चौरी मीरगंज क्षेत्र के निवासी थे. वर्तमान में रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप कृष्ण कॉलोनी में रह रहे थे. उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं.
हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर लालपुर चौकी में खड़ा कर दिया है. साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. जिससे फरार चालक की पहचान की जा सके. किच्छा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उन्होंने कहा परिवार की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.