हल्द्वानी: भ्रष्टाचार पर विजिलेंस की चोट, 30 हजार रुपये लेते पटवारी गिरफ्तार

खबर शेयर करें 👉

नैनीताल। नैनीताल जिले की धारी तहसील में भूमि की नाप कराने के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने पटवारी निर्मल बोरा को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, धारी तहसील के ग्राम मौड़ा निवासी एक व्यक्ति अपनी भूमि की नाप कराने के लिए पटवारी निर्मल बोरा के संपर्क में आया था। आरोप है कि भूमि की नाप कराने के एवज में पटवारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की। रिश्वत देने के इच्छुक नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल हाईवोल्टेज ड्रामे के बीच यतिन पांडे की निर्विरोध जीत, चुनावी रणनीति में लालकुआं विधानसभा के इन दोनों भाइयों का दिखा दमखम

शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल-हल्द्वानी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में यू-ट्यूबर सौरभ जोशी से कार सवार युवकों ने की गाली-गलौज, पत्नी अवंतिका ने पुलिस से की शिकायत

शनिवार, 26 सितंबर 2026 को सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने धारी तहसील में कार्रवाई की। टीम ने पटवारी निर्मल बोरा को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने कार्रवाई करने वाली ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आम लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज कराने की अपील की है।