गोरापड़ाव । हल्द्वानी में रॉन्ग साइड से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद बाइक में आग लग गई और वह जलकर खाक हो गई।
मृतक की पहचान 15 वर्षीय सिद्धार्थ के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वहीं, उसके दोस्त अयान की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। दोनों पड़ोसी थे और बहुत अच्छे दोस्त थे। देर रात बाजार से घर लौटते वक्त यह हादसा हुआ।
टक्कर के बाद जली बाइक, मौके पर ही मौत- ट्रक और बाइक के बीच भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक बीच सड़क पर जलकर खाक हो गई।
हादसे में 15 वर्षीय छात्र सिद्धार्थ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त अयान गंभीर रूप से घायल हो गया।
- पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन का पोता था सिद्धार्थ- हादसे में जान गंवाने वाले सिद्धार्थ लालकुआं के वार्ड नंबर-4 का रहने वाला था और 12वीं कक्षा में पढ़ता था। उसके दादा लालकुआं नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन रह चुके हैं।
सिद्धार्थ के पिता उदयवीर सिंह सामाजिक कार्यकर्ता होने के साथ बच्चों को जूडो-कराटे का प्रशिक्षण भी देते हैं। वहीं, उसकी मां UP के बहेड़ी में सरकारी टीचर हैं। सिद्धार्थ दो भाई-बहनों में सबसे छोटा था और उसकी एक बड़ी बहन है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल अयान भी वार्ड नंबर-4 का रहने वाला है। दोनों पड़ोसी होने के साथ-साथ गहरे दोस्त थे।
- अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा दोस्त-हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने दोनों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने सिद्धार्थ को मृत घोषित कर दिया, जबकि अयान की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। वह आईसीयू में भर्ती है और जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
- गोरापड़ाव कट पर हो रहे हादसे सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोरापड़ाव के पास बने कट के आसपास अक्सर वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं।
बताया जा रहा है कि यह हादसा भी रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक के कारण हुआ। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की बेतरतीब आवाजाही और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
