चमोली। हरिद्वार से चोरी की बाइक पर बदरीनाथ धाम और माणा घूमने पहुंचे 14 वर्षीय किशोर का रोमांचक सफर आखिरकार पुलिस चेकिंग में खत्म हो गया। बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर उसने एक और बाइक चोरी कर ली, लेकिन गौचर में पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, किशोर हरिद्वार से एक बाइक चोरी कर बदरीनाथ धाम पहुंचा था। दर्शन के बाद वह माणा गांव और आसपास के तीर्थ स्थलों की सैर करने निकल गया। लौटते समय माणा प्रवेश द्वार के पास उसकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। काफी कोशिशों के बाद भी बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो उसकी नजर वहां खड़ी पंजाब के एक यात्री की बाइक पर पड़ी। उसने अपनी पहली चोरी की बाइक वहीं छोड़ दी और दूसरी बाइक लेकर हरिद्वार की ओर निकल पड़ा।
इसी दौरान गौचर में चल रहे पुलिस चेकिंग अभियान के दौरान उसे रोका गया। बाइक के कागजात मांगने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने दोनों बाइकों की चोरी की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पहली चोरी की बाइक भी बरामद कर ली है।
पुलिस ने किशोर को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत संरक्षण में लिया है। बताया गया कि मोहाली (पंजाब) निवासी गुरप्रीत सिंह ने माणा प्रवेश द्वार के पास से बाइक चोरी होने की शिकायत कोतवाली बदरीनाथ में दर्ज कराई थी।
╔════════════════════╗
📦 ऐसे खुला बाइक चोर गिरोह का राज
╚════════════════════╝
चमोली जिले के थराली क्षेत्र से चोरी हुई दो बाइकों को अल्मोड़ा में बेचने वाले गिरोह का भी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की दोनों बाइक बरामद कर ली गई हैं।
28 अप्रैल को कमली राम और 22 मई को प्रद्युम्न सिंह ने अपनी-अपनी बाइक चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दो नेपाली नागरिक चोरी की बाइकों को उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में ले जाकर बेच रहे हैं।
पुलिस ने मुख्य आरोपी देव भंडारा निवासी सुरखेत (नेपाल) को सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) से और उसके साथी प्रेम बहादुर निवासी जाजरकोट (नेपाल) को थराली क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि चोरी की बाइकों को नैनीताल और अल्मोड़ा क्षेत्र में छिपाकर रखा गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि पीयूष आर्य निवासी पांडेखोला (अल्मोड़ा) ने चोरी की बाइक खरीदकर अपने परिचित कुनाल सिंह बिष्ट निवासी खोल्टा (अल्मोड़ा) को 40 हजार रुपये में बेच दी थी। चोरी की बाइक की खरीद-फरोख्त में संलिप्त पाए जाने पर दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरोह महंगी स्पोर्ट्स बाइकों को निशाना बनाकर चोरी करता था और उन्हें दूसरे जिलों में बेच देता था।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
