देहरादून। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देहरादून दौरे का विरोध कर रही महिलाओं के खिलाफ फेसबुक पर कथित रूप से आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणियां करने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेंद्र सिंह रावत, निवासी ग्राम भरगढ़ी, बजवाड़, जनपद पौड़ी गढ़वाल (वर्तमान निवासी इंद्रापार्क, नई दिल्ली) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया
जानकारी के अनुसार, भाजपा महिलर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने शनिवार को डालनवाला कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि फेसबुक पर “पहाड़ प्रेमी राजेंद्र उत्तराखंडी” नाम से संचालित अकाउंट से उत्तराखंड की मातृशक्ति और महिलाओं के खिलाफ अत्यंत आपत्तिजनक एवं अश्लील भाषा का प्रयोग किया गया।
तहरीर में कहा गया कि इस तरह की पोस्ट महिलाओं की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाने के साथ-साथ समाज में वैमनस्य और तनाव फैलाने का प्रयास है। साथ ही संबंधित अकाउंट से यह भी सार्वजनिक किया गया था कि आरोपी देहरादून आने वाला है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने डालनवाला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र गहलावत को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद शनिवार रात ही पुलिस टीम दिल्ली रवाना हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर देहरादून ले आई।
पुलिस के अनुसार, महिलाओं में घटना को लेकर काफी रोष था और सामाजिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की गई।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
