उत्तराखंड का सीए: रिश्तेदार युवती को शादी का झांसा,दरिंदगी की हदे करता रहा पर, ब्लैकमेल कर 7 साल तक करता रहा कथित शोषण

Oplus_16908288

खबर शेयर करें 👉

सितारगंज। रिश्तेदारी की आड़ में युवती को शादी का झांसा देकर वर्षों तक कथित तौर पर यौन शोषण करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, लाखों रुपये ऐंठने और दो बार उसकी शादी तुड़वाने के आरोप में गुरुग्राम पुलिस ने सितारगंज निवासी एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) को बरेली से गिरफ्तार किया है।

पीड़िता की शिकायत पर 25 जुलाई को गुरुग्राम के सुशांत लोक थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। करीब एक सप्ताह की तलाश के बाद पुलिस ने 29 जुलाई को बरेली से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है।

2017 में हुई थी पहचान

एफआईआर के अनुसार, आरोपी पीड़िता का रिश्तेदार है। दोनों की पहचान वर्ष 2017 में चार्टर्ड अकाउंटेंसी की पढ़ाई के दौरान हुई थी। पारिवारिक संबंध होने के कारण दोनों के बीच विश्वास कायम हुआ। शिकायत में आरोप है कि वर्ष 2020 में जब पीड़िता सितारगंज अपने रिश्तेदारों के यहां आई थी, तब आरोपी ने शादी का झांसा देकर पहली बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसकी जानकारी के बिना आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड मौसम ने ली करवट: कई जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली का अलर्ट

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी उन्हीं वीडियो के आधार पर उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा। वर्ष 2021 से 2023 के बीच जब भी वह नौकरी के सिलसिले में गुरुग्राम जाती, आरोपी उसे होटल में बुलाकर वीडियो वायरल करने की धमकी देता और मानसिक दबाव बनाकर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था। विरोध करने पर जान से मारने और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी भी दी जाती थी।

निजी जानकारी का दुरुपयोग, लाखों रुपये ऐंठने का आरोप

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल अपने कब्जे में लेकर उसके व्हाट्सएप, ई-मेल और बैंक खातों तक पहुंच बना ली। उसने अपने डिजिटल उपकरणों को पीड़िता की आईडी से जोड़कर उसकी निजी जानकारी का दुरुपयोग किया। पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने ब्लैकमेल कर उससे 20 से 25 लाख रुपये तक वसूल लिए।

यह भी पढ़ें 👉  अचानक हिली धरती, लालकुआं-हल्द्वानी समेत कई इलाकों में महसूस हुए झटके

दो बार तुड़वाई शादी

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2023 में आरोपी का विवाह किसी अन्य युवती से हो गया, लेकिन इसके बावजूद उसने उसका पीछा नहीं छोड़ा। फरवरी 2026 में जब पीड़िता की शादी तय हुई तो आरोपी ने उसके मंगेतर और परिजनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो भेज दिए, जिससे विवाह टूट गया। बाद में दूसरी जगह तय हुआ रिश्ता भी इसी तरह टूट गया। शिकायत में कहा गया है कि दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हुई थी, जिसमें आरोपी ने भविष्य में परेशान न करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद कथित ब्लैकमेल और धमकियों का सिलसिला जारी रहा।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं को भूमिधरी अधिकार, पंतनगर एयरपोर्ट के लिए ₹66.29 करोड़: बनबसा कैबिनेट में 24 फैसलों पर मुहर कुमाऊं को बड़ी सौगात

बरेली से हुई गिरफ्तारी

एफआईआर दर्ज होने के बाद गुरुग्राम पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में सितारगंज पहुंची और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। बाद में तकनीकी निगरानी के दौरान उसकी लोकेशन बरेली में मिली। इसके आधार पर 29 जुलाई को पुलिस ने उसे बरेली से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को गुरुग्राम ले जाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड मंजूर किया गया। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन, लैपटॉप, सोशल मीडिया अकाउंट, क्लाउड डाटा, बैंक लेन-देन, चैट हिस्ट्री और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सुशांत लोक थाना में तैनात एएसआई सोनिका भांभू ने एफआईआर दर्ज होने और आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। हालांकि, उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी होने के कारण फिलहाल इससे अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad