विकासनगर (देहरादून)। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के नवाबगढ़ ग्राम पंचायत स्थित डाक्टरगंज में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बारिश के दौरान सड़क पर भरे पानी में नहाते समय बच्चा सड़क किनारे रखे पाइप में फंस गया और दम घुटने से उसकी जान चली गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर बाद विकासनगर क्षेत्र में हुई तेज बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव हो गया था। डाक्टरगंज में पुल नंबर-1 के पास मस्जिद के निकट सड़क पर जमा पानी में मोहल्ले के कई बच्चे नहा रहे थे।
बताया गया कि यहां सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। जल निकासी के लिए पाइप लाइन बिछाई जानी थी, जिसके लिए सड़क किनारे प्लास्टिक के बड़े पाइप रखे गए थे। इसी दौरान नवाबगढ़ निवासी सात वर्षीय अरमान, पुत्र नौशाद, खेलते-खेलते एक पाइप के अंदर घुस गया। पाइप का व्यास कम होने के कारण वह उसमें फंस गया।
इसी बीच पाइप में पानी भर गया, जिससे अरमान का दम घुटने लगा। जब तक अन्य बच्चों और आसपास मौजूद लोगों का ध्यान उसकी ओर गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी बाजार अर्जुन गुसाईं ने बताया कि परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सड़क निर्माण कार्य बारिश शुरू होने से पहले पूरा किया जाना चाहिए था। वर्षाकाल में निर्माण कार्य और सड़क किनारे खुले में पाइप छोड़ने से हादसे का खतरा बढ़ गया, जिसकी कीमत एक मासूम को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com

