रुद्रपुर में 26 वर्षीय युवक की ट्रेन से कटकर मौत, सोशल मीडिया से हुई पहचान

खबर शेयर करें 👉

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कटकर मौत हो गई. फिलहाल, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन गहरे सदमे में हैं. उधर, कार को ट्रक मारने वाले चालक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है.

युवक की ट्रेन से कटकर मौत: जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर के खुशी इन्क्लेव निवासी करन खेड़ा पुत्र ललित खेड़ा (उम्र 26 वर्ष) रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कटकर मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वो डीडी चौक स्थित टेंपो स्टैंड में काम करता था और रोजाना की तरह अपने कामकाज में व्यस्त रहता था.

परिजनों की मानें तो रविवार रात करीब 9:30 बजे करन ने घर पर खाना खाया और उसके बाद घर से बाहर चला गया. काफी देर तक जब वो वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोगों को चिंता होने लगी. परिजनों ने उसे आसपास के इलाकों में ढूंढने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.

इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक युवक के ट्रेन से कटने की सूचना और उसकी फोटो वायरल होने लगी. जब परिजनों ने वो फोटो देखी तो उन्हें शक हुआ और तत्काल मौके पर पहुंचे. मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान करन खेड़ा के रूप में की.

युवक की मौत की पुष्टि होते ही परिवार में कोहराम मच गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की. मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक जीवन राम अधिकारी ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
“युवक की ट्रेन से कटकर मौत होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.”- जीवन राम अधिकारी, पुलिस उप निरीक्षक