हल्द्वानी। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर मुखानी कोतवाली पुलिस ने पति, सास, ससुर और जेठ के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
नवाड़ सैलानी फतेहपुर निवासी विवाहिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 23 अप्रैल 2024 को दुम्काबंगर, हल्दूचौड़ निवासी पंकज दुम्का के साथ हुआ था। विवाह के दौरान उसके परिजनों ने जेवरात, घरेलू सामान और दान स्वरूप मिले तीन लाख रुपये ससुराल पक्ष को दिए थे।
पीड़िता के मुताबिक, शादी से पहले पंकज के बारे में बताया गया था कि वह एमसीए पास है और एक निजी फर्म में नौकरी करता है। इसके अलावा उसका मार्ट और करीब साढ़े तीन एकड़ कृषि भूमि होने की बात भी बताई गई थी। परिवार की स्थिति देखकर उसके परिजन विवाह के लिए तैयार हुए थे।
विवाहिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज में कार की मांग को लेकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति का किसी दूसरी महिला से संबंध है। पीड़िता के अनुसार, 26 अप्रैल 2025 को उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। आरोप है कि उसके जेवरात भी ससुरालियों ने अपने पास रख लिए।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि विवाह के कुछ समय बाद उसका जेठ पति की गैरमौजूदगी में उसके कमरे में आया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। इसकी शिकायत जब उसने पति और सास-ससुर से की तो उन्होंने उसका पक्ष लेने के बजाय उस पर ही आरोप लगाए।
विवाहिता के अनुसार, उसके पिता सेवानिवृत्त हैं और पैरालाइसिस से पीड़ित हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति के बावजूद उसके परिजनों ने रिश्तेदारों से करीब 25 लाख रुपये उधार लेकर शादी का खर्च उठाया। इसके बाद भी ससुराल पक्ष की ओर से दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप है।
मामला पहले महिला हेल्पलाइन तक भी पहुंचा था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर पति पंकज दुम्का, ससुर दयाकिशन दुम्का, सास मुन्नी देवी और जेठ नीरज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
