घनसाली (टिहरी)। किसी ने नहीं सोचा था कि एक बुजुर्ग को अंतिम विदाई देने के बाद आठ लोगों की जीवन यात्रा भी थम जाएगी। बुजुर्ग के पार्थिव शरीर को ऋषिकेश ले जाते समय सभी गम में डूबे थे। वे परंपराओं का निर्वहन कर लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उनकी मौत कई और परिवारों को गहरा जख्म दे गई।
सबसे बड़ा दर्द तो उस बुजुर्ग के परिवार को मिला जिसकी अंत्येष्टि करने ऋषिकेश गए थे। पिता को अंतिम विदाई देने वाले बेटे ने भी इस हादसे में जान गंवा दी।
अचानक मिली दुखद सूचना से हर किसी को तोड़ दिया है। गांवों में चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
टिहरी जनपद के थाना चंबा क्षेत्र में चंबा-कोटी कालोनी मोटर मार्ग पर मैक्स कैंपर वाहन दुर्घटनाग्रस्त से घनसाली क्षेत्र की पट्टी नेलचामी के आठ घरों में मातम परस गया है। परिवार गमगीन हैं।
क्षेत्र में शोक की लहर है। चकरेडा गांव के प्रेमलाल के पिता संपत लाल का बुधवार को निधन हो गया था। इस पर प्रेमलाल अपने सगे संबंधियों और आसपास के ग्रामीणों के साथ ऋषिकेश से पिता की अंत्येष्टि करने गए थे।
इस हादसे से प्रेमलाल सहित आठ लोगों की मौत हो गई। स्वजन अभी पिता की मृत्यु के शोक से भी उबर नहीं पाए थे कि अब प्रेमलाल की मृत्यु ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। प्रेमलाल के दो बेटे हैं।
18 वर्ष के अंकित के सिर से उठा पिता का साया
इस हादसे में ग्राम ठेला निवासी अंकित ने भी अपने पिता आशा लाल को खो दिया है। 18 वर्षीय अंकित को कहां पता था कि एक बुजुर्ग ग्रामीण की अंत्येष्टि में शामिल होने के बाद उसे अपने पिता के ही पार्थिव शरीर को मुखाग्नि देनी पड़ेगी। यातायात व्यवस्था पर सवाल
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को त्वरित सहायता और भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। जिला पंचायत सदस्य नैलचामी अनुज लाल शाह ने बताया कि सड़क हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
पिछले वर्ष भी इसी जगह हुआ था हादसा
पिछले वर्ष में भी इसी जगह कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई थी, जिसमें चंबा के व्यापारी अजय रावत की मौत हो गई थी
इसके बाद प्रशासन ने यहां पर पैराफिट लगाए थे, लेकिन दुर्घटनाग्रस्त वाहन पहले पैराफिट से टकराया। टक्कर से पैराफिट उखड़ कर आगे खिसक गया और वाहन गहरी खाई में जा गिरा।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने हादसे को लेकर गहरा दुख जताते हुए मृतकों और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
