जन्माष्टमी पर डंडे लहराकर हुड़दंग करने वाले 15 युवक पुलिस के शिकंजे में, आठ बालिगों का चालान
हल्द्वानी। जन्माष्टमी की रात हल्द्वानी-काठगोदाम मार्ग पर वाहनों में सवार होकर खुलेआम डंडे लहराने और राहगीरों में भय का माहौल पैदा करने वाले युवकों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और वाहनों की पहचान की। इसके बाद कुल 15 युवकों को थाने लाया गया। इनमें आठ बालिग और सात नाबालिग शामिल हैं।
एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
मामला सामने आने पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने एएसपी हल्द्वानी अमित सैनी को युवकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वायरल वीडियो की जांच शुरू की। वीडियो में दिखाई दे रहे वाहनों की पहचान के आधार पर पुलिस युवकों तक पहुंची और उन्हें थाने लाया गया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दो स्कूटी, एक बाइक और एक कार को सीज कर दिया।
आठ बालिग युवकों का चालान
पुलिस के अनुसार, आठ बालिग युवकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालान किया गया। इनमें दीप गोगोई (19), पारस सिंह (18), करन कुमार (18), हरि किशोर (18), कृष्णा सिंह (19), नितिन (19), मुकेश शर्मा (18) और कमलेश सम्मल (20) शामिल हैं। सभी काठगोदाम और आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
सात नाबालिगों की काउंसलिंग, परिजनों पर भी कार्रवाई
मामले में शामिल सात नाबालिगों को उनके परिजनों के साथ थाने बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने नाबालिगों और उनके माता-पिता की काउंसलिंग की। पुलिस के अनुसार, नाबालिगों की निगरानी में लापरवाही बरतने के मामले में उनके परिजनों के खिलाफ भी पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने सभी युवकों और उनके परिजनों को भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा न करने की सख्त हिदायत दी।
अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी: एसएसपी
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने, राहगीरों में भय का माहौल पैदा करने या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
