विकासनगर। उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुविधा का अभाव आज भी ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। चकराता ब्लॉक के दुर्गम गांव उदावा में आजादी के दशकों बाद भी सड़क नहीं पहुंच सकी है। इसका खामियाजा ग्रामीणों को रोजमर्रा की जिंदगी के साथ-साथ शादी-विवाह जैसे खास मौकों पर भी भुगतना पड़ रहा है। मंगलवार को यहां एक ऐसी ही अनोखी शादी देखने को मिली, जिसमें दुल्हन को अपनी ससुराल पहुंचने के लिए करीब 18 किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, उदावा गांव निवासी अनिल चौहान का विवाह बुल्हाड़ गांव निवासी शर्मिला से तय हुआ था। मंगलवार को दुल्हन बारात के साथ वाहन से लोखंडी तक पहुंची। लेकिन लोखंडी से उदावा गांव तक सड़क सुविधा नहीं होने के कारण उसे पहाड़ी रास्तों से पैदल ही ससुराल की ओर रवाना होना पड़ा। दुल्हन ने करीब चार घंटे पैदल चलकर यह सफर पूरा किया।
गृह प्रवेश का शुभ मुहूर्त न निकल जाए, इसलिए लगाई दौड़
लंबे और दुर्गम रास्ते पर पैदल चलने के कारण दुल्हन काफी थक गई थी। इसके बावजूद गृह प्रवेश का शुभ मुहूर्त निकल जाने की चिंता में वह रास्ते में दौड़ती हुई भी नजर आई। ग्रामीणों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
वीडियो में दुल्हन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सड़क निर्माण की अपील करती दिखाई दे रही है। वह बताती है कि लोखंडी से उदावा गांव तक पैदल पहुंचने में उसे काफी परेशानी हुई और लंबा सफर तय करने के कारण वह थक चुकी है। गृह प्रवेश का शुभ मुहूर्त निकलने की चिंता के चलते उसे दौड़ भी लगानी पड़ रही है।
मुख्यमंत्री से सड़क बनवाने की अपील
दुल्हन ने बताया कि गांव तक पहुंचने वाला पैदल मार्ग भी पक्का नहीं है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उसने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उदावा गांव तक सड़क निर्माण कराने की मांग की, ताकि भविष्य में किसी अन्य दुल्हन और ग्रामीणों को इस तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।
यह घटना एक ओर शादी की खुशियों के बीच दुल्हन के संघर्ष को सामने लाती है, वहीं दूसरी ओर पहाड़ के दुर्गम गांवों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधा की जरूरत को भी उजागर करती है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
