हल्द्वानी में सिटी बस में लूट, दो लोगों ने चालक से मारपीट कर ₹9 हजार और जरूरी दस्तावेज छीने
हल्द्वानी। तिकोनिया क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सिटी बस में लूट का मामला सामने आया है। बस चालक की ओर से कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में दो लोगों पर बस में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और नकदी समेत जरूरी दस्तावेज लूटने का आरोप लगाया गया है।
तहरीर के मुताबिक, 4 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे सिटी बस संख्या UA-04B-0333 तिकोनिया क्षेत्र में थी। इसी दौरान दो लोग अचानक बस में घुस गए और चालक प्रशांत सोनकर से कथित तौर पर कहने लगे कि यह बस उनकी है। आरोप है कि दोनों ने चालक के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की।
तहरीर में बताया गया है कि आरोपित बस से करीब 9 हजार रुपये की नकदी, बस के जरूरी दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, इंश्योरेंस प्रमाण पत्र, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस और सीसीटीवी कैमरा भी ले गए। वारदात के बाद दोनों आरोपी भोटियापड़ाव की ओर भाग गए।
बस से जुड़े एचबी तिवारी ने कोतवाली पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।


लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
