हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर बुधवार रात दो गुटों के बीच विवाद हो गया। पनचक्की चौराहे से जगदंबा नगर तक चले इस विवाद में दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और पत्थरबाजी हुई। इस दौरान कुछ दुकानों में तोड़फोड़ किए जाने और स्थानीय लोगों से मारपीट का भी आरोप है। घटना में करीब पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि छात्रसंघ के एक पद से जुड़े दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच पहले पनचक्की चौराहे के पास हाथापाई हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसके बाद एक गुट वहां से आगे बढ़ गया। कुछ देर बाद दूसरे पक्ष के लोग भी जुट गए और जगदंबा नगर के पास दोनों गुट आमने-सामने आ गए।
जगदंबा नगर में दोनों पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ। लाठी-डंडे चलने के साथ पत्थरबाजी भी हुई। अचानक हुए हंगामे से आसपास से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मौके से भागते नजर आए।
आरोप है कि इस दौरान कुछ अराजक तत्वों ने दिल्ली चाट भंडार नाम के रेस्टोरेंट और नजदीकी कॉम्प्लेक्स से जुड़ी कुछ दुकानों में तोड़फोड़ कर दी। कुछ स्थानीय लोगों ने विवाद शांत कराने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज कृपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों गुटों के लोग वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
गुस्साए स्थानीय लोगों ने की एबीवीपी कार्यालय बंद कराने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने एबीवीपी कार्यालय को बंद कराने की मांग उठाई। उनका आरोप है कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान ही नहीं, बल्कि पूरे साल क्षेत्र में छात्र गुटों के विवाद के कारण अराजकता का माहौल बना रहता है। लोगों का कहना है कि इससे कॉलोनी में भय का माहौल पैदा हो रहा है।
पुलिस बोली—अराजक तत्वों को चिन्हित कर होगी कार्रवाई
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर गई थी, लेकिन तब तक वहां कोई नहीं मिला। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल अराजक तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है और पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
