हल्द्वानी। हल्द्वानी-रामनगर हाईवे पर गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोर कपिल की मौत हो गई। हादसे के बाद घायल पिता हरिशंकर अपने बेटे को बचाने के लिए मदद की तलाश में इधर-उधर दौड़ते रहे। उन्होंने बेटे को गोद में उठाकर अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजे हरिशंकर अपने बेटे कपिल के साथ सब्जी बेचकर ठेला लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान हल्द्वानी-रामनगर हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक ने उनके ठेले में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में कपिल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके पेट में गंभीर चोट आई।
हरिशंकर भी घायल थे, लेकिन बेटे की हालत देखकर उन्होंने अपने दर्द की परवाह नहीं की। वह बेटे को संभालते हुए उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए मदद मांगते रहे। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ लोग घायल की मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में लगे रहे।
तत्काल वाहन नहीं मिलने पर हरिशंकर ने किसी तरह ऑटो की व्यवस्था की और कपिल को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि कपिल चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है कि यदि समय पर मदद मिल जाती और कपिल को जल्द अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर दो युवक सवार थे। हादसे के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
