हल्द्वानी। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की मुख्य शाखा में पेंशन की रकम निकालने पहुंचे पूर्व सैनिक के थैले से 50 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो महिलाओं ने बैंक परिसर में पासबुक अपडेट कराने के दौरान उनका थैला काटकर नकदी निकाल ली। घटना बैंक में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान और तलाश में जुटी है।
नैनीताल रोड पर जिलाधिकारी कैंप कार्यालय के सामने स्थित SBI की मुख्य शाखा में चांदनी चौक धुड़दौड़ा, मानपुर पश्चिम निवासी पूर्व सैनिक बहादुर सिंह 14 सितंबर को पेंशन निकालने पहुंचे थे। करीब 30 वर्ष पहले सेना से सेवानिवृत्त हुए बहादुर सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बैंक से विड्रॉल के जरिए 50 हजार रुपये निकाले और रकम प्लास्टिक के थैले में रख ली।
इसके बाद वह बैंक परिसर में स्थित ATM में पासबुक अपडेट कराने पहुंचे। गार्ड की मदद से वह पासबुक अपडेट करा रहे थे। इसी दौरान दो महिलाएं उनके पास आकर खड़ी हो गईं। इनमें से एक महिला उनके काफी करीब खड़ी थी। बहादुर सिंह ने उसे कुछ दूरी पर खड़े होने के लिए कहा।
कुछ देर बाद दोनों महिलाएं वहां से चली गईं। पासबुक अपडेट कराने के बाद बहादुर सिंह ने थैले में पासबुक रखने के लिए उसे देखा तो थैला कटा हुआ मिला। थैले में रखे 50 हजार रुपये गायब थे। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी और हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर दी।
पुलिस के अनुसार बैंक में लगे CCTV कैमरों की फुटेज में दोनों संदिग्ध महिलाएं दिखाई दे रही हैं। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
