उत्तराखंड में बढ़ा स्वाइन फ्लू का प्रकोप, 225 मामले सामने आए; देहरादून में 32 नए मरीज
देहरादून। उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के 225 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें सबसे अधिक 213 मामले देहरादून जिले से हैं। बृहस्पतिवार को देहरादून में 32 नए मरीजों में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रदेश में देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल जिलों में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आए हैं। अब तक संक्रमित पाए गए 225 मरीजों में से 158 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पांच मरीजों की मौत हो चुकी है। मृतकों के डेथ ऑडिट में दो मरीजों में स्वाइन फ्लू संक्रमण की अधिक पुष्टि हुई है।
लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। राज्य नोडल अधिकारी डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि स्वाइन फ्लू और मौसमी बुखार से पीड़ित मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है। गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों की मृत्यु होने पर डेथ ऑडिट कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि प्रदेश में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और मरीजों के उपचार एवं निगरानी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
