हल्द्वानी। महंगाई की लगातार बढ़ती मार ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। आटा-चावल से लेकर दाल, तेल, चीनी और सब्जियों तक के दामों में बढ़ोतरी होने से घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है। हालात यह हैं कि तीन महीने पहले तक जिस परिवार का राशन साढ़े छह से सात हजार रुपये में आ जाता था, अब उसी सामान के लिए साढ़े सात से आठ हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। खाद्य पदार्थों की कीमतों में आए उछाल से घरेलू खर्च करीब 15 प्रतिशत तक बढ़ गया है।
चौफुला निवासी हेमा देवी का कहना है कि पहले सीमित बजट में पूरे महीने का राशन आसानी से आ जाता था, लेकिन अब वही सामान खरीदने के लिए अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। आटा-चावल के बढ़ते दामों के साथ चीनी, दाल और तेल की कीमतों ने भी रसोई का हिसाब बिगाड़ दिया है। हेमा देवी अकेली नहीं हैं, बल्कि शहर के तमाम परिवार महंगाई की इस मार से परेशान हैं।
बीते तीन महीनों में खाद्य पदार्थों की कीमतों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्याज के दामों में तेजी से उछाल आया है। सब्जी मंडी में गुरुवार को प्याज 50 रुपये प्रति किलो बिका, जबकि तीन महीने पहले इसकी कीमत 30 से 35 रुपये प्रति किलो थी।
इसी तरह सदर बाजार के खुदरा व्यापारी कमल सेठी के अनुसार, अगस्त में चीनी 50 से 55 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, जो अब बढ़कर 64 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है। दालों की कीमतों में भी 12 से 15 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, सरसों का तेल 15 से 20 रुपये प्रति लीटर महंगा होकर वर्तमान में 190 से 195 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
इसके अलावा आटा, चावल और अंडों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी वस्तुओं के लगातार महंगे होने से मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है।
डेयरी उत्पादों की महंगाई ने भी बढ़ाई मुश्किलें
रसोई के बजट पर डेयरी उत्पादों की बढ़ती कीमतों का भी असर पड़ा है। अमूल की ओर से दूध, मक्खन और घी के दाम बढ़ाए जाने से घरेलू खर्च में और इजाफा हुआ है। इन उत्पादों का इस्तेमाल लगभग हर घर में होता है। ऐसे में इनके महंगे होने का सीधा असर आम परिवारों की जेब पर पड़ रहा है। कुल मिलाकर खाद्य पदार्थों और डेयरी उत्पादों की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी के लिए घर का बजट संभालना चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
