हथौड़े से वार कर बेटे ने पिता को किया गंभीर घायल, इलाज के दौरान मौत

खबर शेयर करें 👉

पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से लगभग 17 किलोमीटर दूर पुरान (जाख पुरान) गांव में पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद ने दुखद रूप ले लिया। विवाद के दौरान पुत्र द्वारा किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल पिता की उपचार के दौरान मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार पुरान निवासी 50 वर्षीय बिशन राम, पुत्र स्वर्गीय चनर राम का अपने बेटे के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान बेटे ने हथौड़े से पिता पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शनिवार सुबह घायल अवस्था में बिशन राम को उनके भतीजे द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर प्रशांत, नर्सिंग अधिकारी मोनू लुंठी एवं वार्डबॉय ललित ने उनका उपचार किया। उपचार के दौरान उन्हें वार्ड में शिफ्ट किया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस उपनिरीक्षक ललित डंगवाल ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल बना हुआ है।