गोलीकांड: खैर की लकड़ी के विवाद पर खूनी संघर्ष, 27 वर्षीय युवक को मारी गोली हायर सेंटर रेफर

खबर शेयर करें 👉

(ऊधम सिंह नगर)। बाजपुर ग्राम गोबरा नंबर-8 में खैर की लकड़ी के विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए टकराव के दौरान चली गोली से 27 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


घायल की पहचान मंदीप सिंह, निवासी गोबरा नंबर-8 के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गांव के पास स्थित एक निजी रास्ते से खैर की कथित अवैध लकड़ी ले जाने को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। आरोप है कि 10 जुलाई की रात खैर की लकड़ी से लदी एक बाइक को रोककर उसकी चाबी निकाल ली गई थी। इसी दौरान कथित लकड़ी तस्करों ने विरोध करने वालों को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
इस मामले में बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। ग्रामीणों के अनुसार बढ़ते विवाद को सुलझाने के लिए रविवार को गांव के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पंचायत प्रस्तावित थी, लेकिन पंचायत शुरू होने से पहले ही शाम करीब 4:30 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं को भूमिधरी अधिकार, पंतनगर एयरपोर्ट के लिए ₹66.29 करोड़: बनबसा कैबिनेट में 24 फैसलों पर मुहर कुमाऊं को बड़ी सौगात


आरोप है कि दूसरे पक्ष के 14-15 लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंचे और हमला कर दिया। इसी दौरान गोली चली, जो मंदीप सिंह को लग गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोग बंजारी के जंगल से खैर की लकड़ी लाकर इसी रास्ते से आवाजाही करते हैं, जिसका गांव के कुछ लोग लंबे समय से विरोध कर रहे हैं। इसी कारण दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड मौसम ने ली करवट: कई जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली का अलर्ट


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तहरीर व उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।


एक दिन पहले ही पुलिस को दी गई थी धमकी की शिकायत
गोलीकांड से एक दिन पहले ही पीड़ित पक्ष ने बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी में जान से मारने और गोली मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
गांव निवासी बलविंदर सिंह पुत्र प्रेम सिंह ने 11 जुलाई को पुलिस को दी तहरीर में तीन लोगों को नामजद करते हुए 15-20 अन्य पर आरोप लगाया था कि 10 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे वे खैर की लकड़ी के गिल्टे बाइकों पर लादकर उनके घर के सामने से गुजर रहे थे। विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज और मारपीट की तथा तमंचे से गोली मारने की धमकी दी।
पुलिस इस शिकायत की जांच कर ही रही थी कि रविवार को विवाद दोबारा भड़क गया और गोली चलने की घटना हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में एसआईआर के बाद नौ लाख नाम हटने पर कांग्रेस चिंतित, सीईओ से पुनः जांच की मांग


कोतवाल बाजपुर नरेश चौहान ने बताया कि घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित आरोपितों के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad