हल्द्वानी। गोरापड़ाव क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने एक कार्यालय में चल रहे जुए के फड़ पर धावा बोलकर लाखों रुपये की नकदी लूट ली। बदमाशों ने असलहों के बल पर वहां मौजूद लोगों को बंधक बनाकर उनकी सोने की चेन और अंगूठियां भी उतरवा लीं। वारदात के बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए दो वाहनों में सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी, सीओ और कोतवाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं।
पुलिस के अनुसार गोरापड़ाव क्षेत्र में कुछ माह पहले पुरानी कारों की खरीद-बिक्री से संबंधित एक कार्यालय खोला गया था। बुधवार रात करीब साढ़े सात बजे वहां करीब दस लोग ताश खेल रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो और सफेद रंग की कार से आठ से दस लोग वहां पहुंचे और अचानक कार्यालय के अंदर घुस गए। बदमाशों ने असलहे निकालकर वहां मौजूद लोगों को घेर लिया और अपने कब्जे में ले लिया।
इसके बाद बदमाशों ने जुए के फड़ पर रखी नकदी लूटने के साथ ही वहां मौजूद लोगों की जेबें भी टटोलीं। उन्होंने लोगों से सोने की चेन और अंगूठियां भी छीन लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश दोनों वाहनों में सवार होकर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ और कोतवाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ितों से घटना की जानकारी जुटाने के साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
कारोबारी और प्रॉपर्टी डीलर भी शामिल
सूत्रों के अनुसार लूट का शिकार हुए लोगों में कारोबारी और प्रॉपर्टी डीलर भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि इनमें गोरापड़ाव क्षेत्र और हल्द्वानी के रहने वाले लोग हैं, जो अक्सर उक्त कार्यालय में एकत्र होते थे।
सीसीटीवी से मिल सकता है अहम सुराग
पुलिस के मुताबिक बदमाश दो वाहनों से आए थे और वारदात के बाद उन्हीं वाहनों से फरार हुए। ऐसे में हाईवे समेत आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है कि एक कैमरे में बदमाशों के वाहन की जानकारी भी पुलिस के हाथ लगी है।
पुलिस ने आरोपितों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं। फिलहाल अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी
फ़ोटो परिचय:- घटना के बाद सीसीटीवी की DVR ले गए

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
