हल्द्वानी। कुसुमखेड़ा क्षेत्र में मंगलवार देर शाम रामनगर से हल्द्वानी आ रही रोडवेज बस हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। कुछ यात्रियों के मामूली रूप से घायल होने की सूचना है।
प्रत्यक्षदर्शियों और बस में सवार यात्रियों के मुताबिक, चालक कथित तौर पर तेज गति से बस चला रहा था। एक यात्री ने बताया कि रामनगर से ही चालक की ड्राइविंग तेज और असावधानीपूर्ण लग रही थी। बस की रफ्तार को लेकर यात्री पहले से ही सहमे हुए थे और उन्हें अनहोनी की आशंका बनी हुई थी।
यात्रियों के अनुसार, कुसुमखेड़ा क्षेत्र में उनकी आशंका सच साबित हुई और बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। हालांकि अधिकांश यात्री सुरक्षित रहे और बड़ा हादसा टल गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिलाए जाने की जानकारी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
यात्रियों ने बस चालकों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कराने तथा रोडवेज बसों में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
वीडियो परिचय:- सोसल मीडियो प्लेटफॉर्म द्वारा प्राप्त

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
