भवाली। मंगलवार दोपहर हुई मूसलाधार बारिश के चलते भवाली-नैनीबैंड-सेनिटोरियम बाईपास पर पहाड़ी से भारी मलबा सड़क पर आ गिरा। मलबा आने से बाईपास पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। गनीमत रही कि मलबा गिरने से पहले एक टैक्सी में सवार यात्री सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे तेज बारिश के दौरान पहाड़ी का मलबा अचानक सड़क पर आ गया। देखते ही देखते सड़क मलबे से पट गई और सेनिटोरियम बाईपास पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। सड़क पर मलबा आने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
व्यापारी राजीव पांडे ने बताया कि बारिश के चलते क्षेत्र में कई स्थानों पर मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि एक टैक्सी में सवार यात्रियों के समय रहते सुरक्षित बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा होने से टल गया।
इधर, भीमताल में भी भारी बारिश के चलते बाईपास, मल्लीताल बाजार, ब्लॉक रोड, नौकुचियाताल और मिनी स्टेडियम क्षेत्र में नाले उफान पर आ गए। इससे कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पूर्व चेयरमैन देवेंद्र सिंह चनौतिया ने आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग और प्रशासन की लापरवाही के कारण नाले की उचित व्यवस्था नहीं हो सकी, जिससे बारिश के दौरान नाला उफान पर आ गया और लोगों के घरों में पानी घुस गया। उन्होंने बताया कि मिनी स्टेडियम के पास नाले के उफान में आने से ऊर्जा निगम के बिजली के पोल को भी खतरा पैदा हो गया है। इससे आसपास के लोगों में करंट फैलने की आशंका बनी हुई है।
वहीं, भवाली-भीमताल मोटर मार्ग पर मेहरागांव के पास गधेरा आने से सड़क बंद हो गई। इससे मार्ग पर वाहनों की कतार लगने के साथ यात्रियों को जाम का सामना करना पड़ा। धारी क्षेत्र के पदमपुरी में सोमवारी आश्रम के पास नदी के उफान पर आने से मंदिर परिसर में पानी जमा हो गया, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
