देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अलग-अलग नजर आ रहा है। कहीं बारिश और कोहरे का असर है तो कहीं धूप खिली हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के पांच पर्वतीय जनपदों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात भी हो सकता है। प्रदेश के अन्य जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
बागेश्वर में रातभर हुई झमाझम बारिश
बागेश्वर जिले के कपकोट और दुग नाकुरी क्षेत्र में रविवार रात झमाझम बारिश हुई, जिसके बाद सोमवार सुबह कई इलाकों में कोहरा छाया रहा। यहां अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, चंपावत में सोमवार सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहे। यहां न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।
दूसरी ओर, पिथौरागढ़ में धूप खिली रही। रानीखेत और आसपास के क्षेत्रों में भी आंशिक बादलों के बीच धूप देखने को मिली।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना भी जताई है। हालांकि, मंगलवार से प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में मैदानी क्षेत्रों में धूप खिलने के साथ ही पर्वतीय इलाकों में भी मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
