देहरादून। लालपुर क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। एक सिटी बस ने सड़क किनारे और मार्ग पर चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की टक्कर से छह से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और सड़क पर लंबा जाम लग गया। घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही।
घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शुरुआत में कोई वाहन चालक घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए तैयार नहीं हुआ। ऐसे में मौके पर पहुंची पुलिस ने राह चलते वाहनों को रुकवाकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घायलों की स्थिति और बस चालक की भूमिका को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
बॉक्स : हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
लालपुर क्षेत्र में सिटी बस ने कई लोगों को मारी टक्कर
छह से अधिक लोग घायल होने की सूचना
सड़क पर लगी वाहनों की लंबी कतार
घायलों को अस्पताल पहुंचाने में हुई देरी
पुलिस ने वाहन रुकवाकर कराया रेस्क्यू
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
बॉक्स : मौके पर दिखी मानवता और लापरवाही
हादसे के बाद कुछ देर तक घायल सड़क पर पड़े तड़पते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई वाहन चालक मौके से गुजरते रहे, लेकिन मदद के लिए नहीं रुके। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान कई लोगों ने घायलों की सहायता कर मानवता का परिचय भी दिया।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
