देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तराखंड समेत छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल की घोषणा की है। इसके तहत मध्य प्रदेश के पूर्व सांसद एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह राज्य के नौवें राज्यपाल होंगे और सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह का स्थान लेंगे।
मध्य प्रदेश की राजनीति में रहा है लंबा अनुभव
डॉ. ढाल सिंह बिसेन मध्य प्रदेश के बालाघाट से लोकसभा के पूर्व सांसद रह चुके हैं। वह मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। उनके पास वन, परिवहन, खनिज साधन, स्कूल शिक्षा और जेल विभागों का अनुभव रहा है।
उनकी नियुक्ति के बाद अब उत्तराखंड में नए राज्यपाल के कार्यकाल को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
सीएम धामी ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनके राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण और सार्वजनिक जीवन में योगदान को उल्लेखनीय बताया।
सीएम धामी ने कहा कि मां गंगा और बाबा केदार से वह डॉ. बिसेन के सफल, यशस्वी और मंगलमय कार्यकाल की कामना करते हैं।
छह राज्यों में नियुक्तियां और फेरबदल
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी घोषणा के अनुसार, छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति और जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इसके तहत ओम प्रकाश माथुर को केरल, राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु, ब्रजमोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक, डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के साथ उत्तराखंड को भी नया राज्यपाल मिलने जा रहा है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
