गोपेश्वर। सीमांत नगर ज्योतिर्मठ में भालू के हमलों से दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही है। नगर के सिंहधार वार्ड में मंगलवार तड़के भालू ने एक ही परिवार के चार लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना तड़के करीब तीन बजे की है। बिंदेश कुमार (37) की गौशाला से मवेशियों के आवाज करने की आवाज सुनाई दी। इस पर बिंदेश कुमार अपनी मां के साथ गौशाला की ओर देखने पहुंचे। इसी दौरान गौशाला में मौजूद भालू ने उन पर हमला कर दिया।
परिवार के अन्य सदस्य मदद के लिए मौके पर पहुंचे तो भालू ने उन पर भी झपट्टा मार दिया। इस दौरान परिवार के तीन अन्य सदस्य भी घायल हो गए। परिजनों ने शोर मचाकर किसी तरह भालू को मौके से भगाया। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
घटना के बाद सिंहधार वार्ड समेत आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग अपनी और अपने परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
वन विभाग के मौके पर न पहुंचने से लोगों में नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोगों में आक्रोश है।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में भालू की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, वन विभाग की टीम की त्वरित तैनाती और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही भालू की गतिविधियों पर निगरानी रखने की भी अपील की है।
लगातार बढ़ रहे वन्यजीवों के खतरे के बीच ज्योतिर्मठ क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है। अब स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन और वन विभाग की ओर है कि प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
