अल्मोड़ा । उत्तराखंड क्रांति दल के महानगर अध्यक्ष की पत्नी की सोमवार सुबह आग से झुलसने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में बेस अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के महानगर अध्यक्ष मोहित साह की पत्नी लता साह (37) ने सोमवार सुबह घर में खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। गंभीर हालत में उसे पास के अस्पताल में ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। उक्रांद के महानगर अध्यक्ष मोहित साह परिवार के साथ माॅल रोड स्थित आरसीएम शॉपिंग मॉल के पास रहते हैं। बताते हैं कि सोमवार सुबह मोहित साह बेटे को स्कूल छोड़ने गए थे। इसी समय उनकी पत्नी लता साह ने बोतल में रखा पेट्रोल खुद पर छिड़क लिया और माचिस जलाकर आग लगा दी। मोहित साह बेटे को स्कूल छोड़कर घर लौटे जहां पत्नी को देख उनके होश उड़ गए। पुलिस के मुताबिक पेट्रोल की बोतल घर के अंदर ही रखी थी। लोगों का मानना है कि यदि घर में पेट्रोल की बोतल नहीं रखी होती तो शायद ऐसी घटना नहीं होती। कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिली तो जांच की जाएगी।
- पुलिस ने लता साह को गंभीर हालात में अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस मामले में तहरीर नहीं मिली है। – बलवंत सिंह रावत, सीओ, अल्मोड़ा सालगिरह की सुबह साथ ले गई मौत
उत्तराखंड क्रांति दल के महानगर अध्यक्ष मोहित साह और उनकी पत्नी लता साह की सोमवार को शादी की 18वीं सालगिरह थी। घर में समारोह की तैयारियां चल रही थीं लेकिन लता की मौत से सारी खुशियां मातम में बदल गईं।
लता साह डिग्री कॉलेज मासी में योग की प्रशिक्षिका थीं। सोमवार को उनकी शादी की 18वीं सालगिरह थी। वह पति संग सालगिरह की तैयारियों में जुटी थीं। घर में खुशी का माहौल था। इस दौरान संदिग्ध हालात में जलने से लता की मौत हो गई। इससे परिजन गमजदा है।
पुलिस के मुताबिक, जांच में पता चला कि लता अवसाद में थीं। उन्होंने 15 दिन पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था। उन्होंने जहर खाने की कोशिश की थी। संयोग से तब उनकी जान बच गई थी। सोमवार सुबह उनकी संदिग्ध हालात में झुलसने से मौत हो गई।
लता साह योग प्रशिक्षिका थीं जो शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण के लिए योग के विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान सहित छात्र-छात्राओं को योगाभ्यास कराती थीं। दूसरों को मानसिक शांति के तरीके बताने वाली लता साह की मौत से परिजन भी सदमे में है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
