अल्मोड़ा में अब सड़क किनारे नहीं खड़े होंगे वाहन, “7.74 करोड़” की बहुमंजिला पार्किंग तैयार; यातायात व्यवस्था सुधरने की उम्मीद

खबर शेयर करें 👉

अल्मोड़ा । अल्मोड़ा नगर के व्यस्ततम माल रोड स्थित जीजीआईसी तिराहे पर पार्किंग निर्माण अब धरातल पर उतर आया है। करीब सात करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से तैयार इस बहुमंजिला पार्किंग से शहरवासियों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। जिला विकास प्राधिकरण ने पार्किंग के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली है और आगामी मई माह से इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

माल रोड पर बढ़ते यातायात दबाव और अनियंत्रित पार्किंग के कारण लगने वाले जाम से आमजन को लंबे समय से जूझना पड़ रहा है। खासतौर पर जीजीआईसी तिराहे के आसपास का क्षेत्र दिनभर वाहनों से भरा रहता है जिससे राहगीरों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इस पार्किंग के शुरू होने से जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है। इस नई पार्किंग में एक साथ 91 चौपहिया वाहनों को खड़ा करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों की समस्या भी कम होगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु हो सकेगी।

स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शहर के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उनका मानना है कि पार्किंग के संचालन से माल रोड क्षेत्र में जाम की समस्या में कमी आएगी और बाजार में आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। प्रशासन को भी उम्मीद है कि इस व्यवस्था के लागू होने से शहर की यातायात प्रणाली अधिक सुदृढ़ और सुव्यवस्थित बन सकेगी।

पार्किंग का शुल्क

स्थानीय चौपहिया वाहन 60 रुपये

पर्यटकों के चौपहिया वाहन 120 रुपये

दोपहिया वाहन 20 रुपये

पार्किंग को शुरू करने के लिए टेंडर की प्रक्रिया हो चुकी है। मई माह तक यह पार्किंग शुरू हो जाएगी। -रवि शंकर जोशी, एई, जिला विकास प्राधिकरण, अल्मोड़ा