हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रायल ने नंदा देवी महोत्सव के समापन एवं मां नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन कार्यक्रम को देखते हुए जारी अवकाश आदेश में संशोधन किया है। संशोधित आदेश के अनुसार 23 सितंबर 2026 को नैनीताल, भवाली और भीमताल नगर क्षेत्रों के अंतर्गत संचालित सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि 23 सितंबर को ऐतिहासिक श्री नंदा देवी महोत्सव का समापन भव्य शोभायात्रा एवं मां नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन कार्यक्रम के साथ होगा। इसके अलावा भवाली और भीमताल नगर क्षेत्रों में भी डोला विसर्जन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा तथा सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए नैनीताल, भवाली और भीमताल नगर क्षेत्रों में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में 23 सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, आदेश का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा गया है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
