हाईवे की बदहाली पर सांसद अजय भट्ट सख्त, एनएच अधिकारियों को लगाई फटकार

खबर शेयर करें 👉

सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती की मौजूदगी में होगा संयुक्त स्थलीय निरीक्षण, 2-3 दिन में मांगी विस्तृत रिपोर्ट

हल्द्वानी/लालकुआं। हल्द्वानी-लालकुआं-पंतनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-109) पर अंडरपास की कमी, अवैज्ञानिक कट और लगातार हो रहे हादसों को लेकर नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। राजमार्ग को दुर्घटनामुक्त बनाने और स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर गुरुवार को हल्द्वानी स्थित सांसद आवास पर एनएच अधिकारियों और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में सांसद ने एनएच अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि जनता की जान-माल की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में क्षेत्रीय जनसमस्या निवारण संघर्ष समिति के मुख्य संयोजक पीयूष जोशी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कैलाश भट्ट, ग्राम प्रधान पूजा बिष्ट, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कार्तिक बमेठा समेत अन्य सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। पंचायत प्रतिनिधियों ने सांसद को हाईवे की जमीनी स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि ग्रामीण लिंक मार्गों और सघन आबादी वाले क्षेत्रों में अंडरपास (VUP/LVUP) तथा रोटरी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और किसानों को हाईवे पार करने में लगातार जोखिम उठाना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं श्मशान घाट के सामने दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से स्कूटी सवार युवक गंभीर

प्रतिनिधियों ने भविष्य में प्रस्तावित वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन के दौरान रेलवे फाटकों के बंद होने की स्थिति में ग्रामीण संपर्क प्रभावित होने की आशंका भी सांसद के सामने रखी। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर 26 सूत्रीय ज्ञापन सांसद को सौंपा गया।

ज्ञापन में दुर्घटनाओं और ब्लैक स्पॉट से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए सांसद अजय भट्ट ने एनएच अधिकारियों को तत्काल जमीनी निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केवल कार्यालय में बैठकर योजनाएं बनाने के बजाय मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए। सांसद ने निर्देश दिए कि अगले 2-3 दिनों के भीतर हल्दूचौड़, दौलिया, मोटा हल्दू, बेरीपड़ाव और बबरगुमटी समेत चिन्हित ब्लैक स्पॉट का स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिकायतकर्ताओं के साथ संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड के स्कूलों में कल से बदलेगा समय, 1 अक्टूबर से शीतकालीन समय-सारिणी लागू

सांसद ने निरीक्षण के बाद ज्ञापन में उठाए गए सभी 26 बिंदुओं पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। विशेष रूप से ग्रेड-सेपरेटेड अंडरपास (LVUP/VUP), सर्विस रोड और अन्य तकनीकी समाधानों को लेकर विभाग से स्पष्ट कार्ययोजना मांगी गई है। उन्होंने कहा कि हाईवे पर हादसों की रोकथाम के लिए जो भी सुधारात्मक कदम आवश्यक हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए।

यह भी पढ़ें 👉  एलबीएस कॉलेज हल्दूचौड़ में हिमांशु पांडे का जलवा,455 वोट लेकर अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा( देखे वीडियो)

अधिकारियों की ओर से कागजी खानापूर्ति न हो, इसके लिए संयुक्त स्थलीय निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती भी मौजूद रहेंगे। वे एनएच अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच समन्वय स्थापित करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली जनसमस्याओं को रिपोर्ट में प्रमुखता से शामिल किया जाए।

सांसद अजय भट्ट के इस कड़े हस्तक्षेप के बाद क्षेत्रवासियों को हाईवे की समस्याओं के स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है। लंबे समय से अंडरपास, सर्विस रोड और सुरक्षित कट की मांग कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि यदि एनएच स्तर पर अब धरातल पर कार्रवाई होती है तो हादसों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad