LPG रिफिल बुकिंग: अब शहरी और ग्रामीण सभी क्षेत्रों के लिए समय सीमा समान, 25 दिन में बुक होगा सिलिंडर

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। नए नगर निगमों के गठन और नगर पालिका क्षेत्रों के विस्तार के बाद ग्रामीण से शहरी क्षेत्र में शामिल हुए घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को अब सिलिंडर की रिफिल बुकिंग के लिए 45 दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। केंद्र सरकार ने शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग की समय सीमा समान रूप से 25 दिन कर दी है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड के स्कूलों में कल से बदलेगा समय, 1 अक्टूबर से शीतकालीन समय-सारिणी लागू

गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने इस समस्या को लेकर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र भेजा था। उन्होंने प्रशासनिक सीमाओं में बदलाव के कारण शहरी क्षेत्र में शामिल हुए उपभोक्ताओं के लिए लागू 45 दिन की बाध्यता समाप्त कर बुकिंग अवधि 25 दिन करने का आग्रह किया था।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बलूनी को भेजे पत्र में बताया कि पश्चिम एशिया संकट के दौरान एलपीजी आपूर्ति पर दबाव बढ़ने के कारण अस्थायी व्यवस्था के तहत शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन की रिफिल बुकिंग अवधि निर्धारित की गई थी। अब एलपीजी की उपलब्धता सामान्य होने के बाद तेल विपणन कंपनियों को दोनों क्षेत्रों में समान रूप से 25 दिन की अवधि लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड में 60 मदरसों को मिली अल्पसंख्यक स्कूल की मान्यता, आवेदन प्रक्रिया पूरी

सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि इस बदलाव से नए नगर निगमों और विस्तारित नगर पालिका क्षेत्रों में शामिल हुए उपभोक्ताओं को विशेष राहत मिलेगी। अब ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के बीच रिफिल बुकिंग की अवधि का अंतर समाप्त हो गया है। दोनों श्रेणियों के उपभोक्ता 25 दिन के अंतराल पर घरेलू गैस सिलिंडर बुक करा सकेंगे।