हल्द्वानी। नंदा देवी महोत्सव को लेकर मंगलवार को भी हल्द्वानी बस स्टेशन पर नैनीताल जाने वाले यात्रियों की भीड़ नजर आई। बुधवार को महोत्सव के समापन के चलते यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए परिवहन विभाग की ओर से अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है।
एआरएम संजय पांडे के अनुसार हल्द्वानी-काठगोदाम डिपो से नैनीताल रूट पर कुल 19 बसों का संचालन किया गया। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बसों से दो-दो चक्कर लगवाए गए।
आज निकलेगी मां नंदा-सुनंदा की भव्य शोभायात्रा
भवाली। नगर में 16 सितंबर से आयोजित सात दिवसीय नंदा देवी महोत्सव का बुधवार को समापन होगा। समापन अवसर पर मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों को डोले में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
बुधवार सुबह मां नंदा-सुनंदा की आरती और पूजा-अर्चना के बाद कन्या पूजन किया जाएगा तथा माता को भोग लगाया जाएगा। इसके बाद दोपहर में मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों को डोले में विराजमान कर श्रद्धालु कंधों पर उठाकर नगर भ्रमण कराएंगे।
नगर भ्रमण के बाद मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों का शिप्रा नदी में विसर्जन किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष मनीष साह ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है।
समिति के अध्यक्ष मनीष साह ने बताया कि मंगलवार को बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि बुधवार को मां नंदा-सुनंदा के डोले का नगर भ्रमण कराया जाएगा और मूर्ति विसर्जन के साथ ही महोत्सव का विधिवत समापन होगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
