हल्द्वानी। दहेज उत्पीड़न के मामले में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं, उसे सैनिटरी पैड जैसी आवश्यक वस्तुओं के लिए भी तरसाया जाता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि मासिक धर्म के दौरान भी पति उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। मुखानी थाना पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुखानी थाना क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2024 में हुई थी। विवाह के दौरान मायके पक्ष ने आभूषणों के साथ घरेलू सामान उपहार स्वरूप दिया था। इसके अलावा शादी में खर्च के लिए करीब चार लाख रुपये भी ससुराल पक्ष को दिए गए थे।
महिला का आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग उसके मायके की संपत्ति में हिस्सा दिलाने सहित अन्य दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। उसने बताया कि आगे की पढ़ाई के लिए भी ससुराल पक्ष ने आर्थिक सहायता देना बंद कर दिया, जिसके बाद उसे मायके से पैसे मंगवाकर अपनी फीस जमा करनी पड़ी।
पीड़िता के अनुसार, पिछले वर्ष मार्च में वह परीक्षा देने कॉलेज गई थी। जब वह वापस लौटी तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया।
मुखानी थाना पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com

