लालकुआं। हल्द्वानी से लालकुआं की ओर आ रही एक कार शुक्रवार शाम तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो युवक व एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत नाजुक देखते हुए आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें अलग-अलग वाहनों से हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन के मौके पर पहुंचने की जानकारी नहीं मिल सकी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब साढ़े तीन बजे हल्द्वानी से लालकुआं की ओर जा रही कार जैसे ही तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। तीनों घायलों को अलग-अलग वाहनों से हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। समाचार लिखे जाने तक हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका था। पुलिस के मौके पर पहुंचने और घटना की जांच किए जाने की जानकारी भी नहीं मिल सकी थी।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
