पांच राष्ट्रपतियों से सम्मानित ऑनरेरी कैप्टन राजेंद्र जलाल का विशेष सम्मान, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले लालकुआं में लोटनी की बढ़ती सक्रियता के निकाले जा रहे सियासी मायने
लालकुआं/हल्दूचौड़। हल्दूचौड़ में मंगलवार को कुमाऊं दिवस एवं पैदल सेना दिवस धूमधाम से मनाया गया। समारोह में कुमाऊं रेजिमेंट के गौरवशाली इतिहास, सैनिकों के शौर्य और देश के प्रति उनके अद्वितीय समर्पण को याद किया गया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष लालकुआं सुरेंद्र सिंह लोटनी की सक्रिय भूमिका भी चर्चा का केंद्र रही।
हल्दूचौड़ स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि मेजर जनरल इंदर सिंह बोरा रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व सैनिक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष लालकुआं सुरेंद्र सिंह लोटनी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से कुमाऊं की समृद्ध संस्कृति और वीर परंपराओं की झलक प्रस्तुत की गई।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि कुमाऊं की वीरभूमि ने देश को अनेक ऐसे वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अदम्य साहस, अनुशासन और सर्वोच्च बलिदान की मिसाल पेश की। पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का सम्मान केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है।
इस दौरान सुरेंद्र सिंह लोटनी ने पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सम्मानित किया। समारोह का विशेष आकर्षण 16 कुमाऊं के ऑनरेरी कैप्टन राजेंद्र जलाल का सम्मान रहा। पांच राष्ट्रपतियों से सम्मान प्राप्त करने की उपलब्धि के लिए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धि को सैन्य सेवा, समर्पण और अनुशासन की प्रेरणादायक मिसाल के रूप में देखा गया।
पूर्व सैनिकों के बीच मजबूत जुड़ाव, लोटनी की सक्रियता के निकाले जा रहे सियासी मायने
लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में पूर्व सैनिक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की लगातार सक्रियता और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी अब राजनीतिक चर्चाओं का विषय भी बन रही है। पूर्व सैनिकों के बीच उनकी मौजूदगी, क्षेत्रीय आयोजनों में सहभागिता और जनसरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी भूमिका को आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी देखा जा रहा है।
कुमाऊं दिवस जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के सम्मान से जुड़ी उनकी भूमिका ने उनकी सार्वजनिक सक्रियता को एक बार फिर सामने रखा है। क्षेत्र में उनकी बढ़ती सक्रियता को कुछ लोग भविष्य की राजनीतिक संभावनाओं से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी भूमिका क्या होगी, यह आने वाला समय और राजनीतिक परिस्थितियां तय करेंगी।
लालकुआं विधानसभा में चुनावी सरगर्मियां तेज होने के साथ ही विभिन्न नेताओं की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। ऐसे में सुरेंद्र सिंह लोटनी की सामाजिक और सार्वजनिक उपस्थिति को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ये रहे मौजूद
समारोह में कैप्टन मदन सिंह राठौड़, कैप्टन पुष्कर सिंह भंडारी, कैप्टन कुंवर सिंह, सूबेदार कुंवर सिंह, कैप्टन कविंद्र सिंह, सूबेदार राम सिंह, कैप्टन कृपाल सिंह, प्रकाश चंद्र, कैप्टन खिलाप सिंह दानू, प्रकाश मिश्रा, दीपक नेगी, गोपाल नेगी, बृजमोहन जोशी, कैप्टन प्रकाश चंद्र, हवलदार शेखर उप्रेती, कैप्टन हरिकिशन, कैप्टन धर्म सिंह रमोला, नंदन राणा, नायक भुवन भट्ट और नायक हरीश डसीला सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीर नारियां और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
