यहां 20 हजार के लोन पर 1.20 लाख की वसूली! फाइनेंस कंपनी ऑफिस में हंगामा

खबर शेयर करें 👉

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। नैनीताल हाईवे स्थित एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में 20 हजार रुपये के लोन पर 1.20 लाख रुपये की वसूली का नोटिस मिलने से विवाद खड़ा हो गया।
जानकारी लेने पहुंची महिला खाताधारक ने खुद को कार्यालय में बंधक बनाकर धमकाने का आरोप लगाया।
जिसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के सामने दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा और धक्का-मुक्की हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, आवास विकास स्थित नैनीताल हाईवे पर संपूर्ण जीवन धन निधि लिमिटेड का कार्यालय है।
गुरुवार को रेशमा नाम की महिला खाताधारक अपने गारंटर के साथ कंपनी कार्यालय पहुंची। महिला ने बताया कि उसने करीब 20 हजार रुपये का ऋण लिया था, लेकिन उसे लगभग 1.20 लाख रुपये की वसूली का नोटिस भेजा गया है।

इसी संबंध में जानकारी लेने के लिए वह कार्यालय पहुंची थी। महिला का आरोप है कि जब उसने नोटिस को लेकर सवाल किए तो कंपनी के एमडी ने उसे कार्यालय में रोककर डराने-धमकाने की कोशिश की।
इस पर महिला ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिसकर्मी पहुंच गए।

इसी दौरान घटना की जानकारी मिलते ही महिला का गारंटर भी कार्यालय पहुंच गया। जैसे ही कंपनी के एमडी ने कार्यालय का दरवाजा खोला तो वहां मौजूद लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते रहे और किसी तरह स्थिति को शांत कराया।
बताया जा रहा है कि धक्का-मुक्की के बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू हुई, लेकिन इसी दौरान यह चर्चा भी फैल गई कि एमडी की ओर से गोली मारने की धमकी दी गई है।

थोड़ी देर बाद कंपनी की एक डायरेक्टर, जो एमडी की पत्नी बताई जा रही हैं, कमर में पिस्टल लगाए वहां पहुंचीं। महिला खाताधारक का आरोप है कि डायरेक्टर ने भी उसे धमकाया।
आवास विकास पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज जलाल ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर पूरे मामले की जानकारी ली।
जलाल ने बताया कि कंपनी के एमडी और महिला खाताधारक दोनों ने एक-दूसरे के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।