बछरायूं के सरकड़ा कलां निवासी किसान ने तांत्रिक पर रुपयों की आरती उतारकर उन्हें दोगुना करने का झांसा देकर 1.80 करोड़ रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि रकम वापस मांगने पर आरोपी ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रकम दोगुनी करने का लालच देकर तांत्रिक ने किसान से 1.80 करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़ित ने रकम वापस मांगने पर तांत्रिक पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बछरायूं थाना क्षेत्र के गांव सरकड़ा कलां निवासी किसान आकाश चौधरी ने शनिवार को थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में उनका परिचय अतरपुरा निवासी तांत्रिक से हुआ था। वह दूसरे समुदाय का है और हमेशा काला चश्मा लगाए रहता है।
स्थानीय लोग उसे नेत्रहीन बताते हैं। आकाश के अनुसार, उनकी मां मिथलेश के इलाज के सिलसिले में वह आरोपी के संपर्क में आए थे। आरोप है कि तांत्रिक ने रुपये दोगुना करने का लालच दिया। शुरुआत में 10 हजार रुपये लेकर कुछ समय बाद 20 हजार रुपये लौटाए।
इससे उसका विश्वास जीत लिया। इसके बाद लालच में आकर वह लगातार उसे रकम देते रहे। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने आरोपी को कुल 1.80 करोड़ रुपये दिए थे। इसमें 35 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए जबकि शेष रकम नकद सौंपी गई।
आकाश का आरोप है कि काफी समय बीतने के बाद भी आरोपी ने न तो रुपये दोगुना किए और न ही मूलधन वापस किया। वह लगातार जल्द भुगतान करने का आश्वासन देकर टालमटोल करता रहा। पीड़ित ने बताया कि वह इससे पहले भी तीन बार पुलिस को तहरीर दे चुके हैं।पुलिस के सामने आरोपी कुछ माह में रुपये लौटाने का आश्वासन देता रहा। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने 20 जून को पूरी रकम लौटाने का वादा किया था। तय तारीख पर वह रुपये लेने पहुंचा तो आरोपी ने पैसे देने से इनकार कर दिया।
आरोप है कि उसने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्राधिकारी अंजलि कटारिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जाएगी।
:- काला चश्मे पहना हुआ तांत्रिक व काली टीशर्ट वाला किसान

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
