( HALDWANI ) नशे की लत ने बुझाया घर का इकलौता चिराग,खंडहर में मिला युवक का शव

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। नशे के इंजेक्शन की ओवरडोज से 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव पीलीकोठी स्थित एक खंडहर में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, कुसुमखेड़ा हरीपुर नायक, भूमिया विहार फेस-2 निवासी गुड़िया किराए के मकान में रहती हैं और घरों में काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा था। बेटा शुभ दीवाकर (23) दिल्ली की एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था और एक सप्ताह पूर्व ही हल्द्वानी घर आया था।


परिजनों के अनुसार, शुभ नशे के इंजेक्शन का आदी था। बुधवार शाम वह अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद मिला।
बृहस्पतिवार शाम शुभ के दोस्त की बहन ने परिजनों को सूचना दी कि शुभ पीलीकोठी स्थित खंडहर में पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर मकान मालिक मौके पर पहुंचे और उसे अचेत अवस्था में पाया। आनन-फानन में उसे डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी मौत करीब चार घंटे पहले ही हो चुकी थी।


शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि युवक के शरीर पर इंजेक्शन के निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।