मुखानी । कोतवाली क्षेत्र के पीलीकोठी में 380 रुपये की जींस का रिफंड लेने के चक्कर में एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। ठगों ने खुद को कस्टमर केयर अधिकारी बताकर महिला से गूगल पे की गोपनीय जानकारी हासिल कर ली और खाते से करीब एक लाख रुपये निकाल लिए।
पुलिस के अनुसार पीलीकोठी निवासी प्रीति वर्मा ने सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखकर एक कूरियर कंपनी के माध्यम से 380 रुपये की जींस ऑर्डर की थी। चार जून को डिलीवरी मिलने के बाद जींस पसंद नहीं आने पर उन्होंने उसे वापस करने और रिफंड लेने की प्रक्रिया शुरू की। इसके लिए प्रीति ने गूगल पर संबंधित कूरियर कंपनी का कस्टमर केयर नंबर खोजा और उस पर संपर्क किया।
कॉल करने के कुछ ही देर बाद प्रीती के पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को कूरियर कंपनी का कस्टमर केयर अधिकारी बताया और रिफंड प्रक्रिया पूरी करने के बहाने उनके गूगल पे अकाउंट की पूरी डिटेल ले ली।
जालसाज ने करीब 17 मिनट तक महिला को बातों में उलझाए रखा और इस दौरान कई किश्तों में उनके खाते से कुल एक लाख रुपये उड़ा लिए। मोबाइल पर पैसे कटने के मैसेज आने के बाद पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ।
मुखानी कोतवाली के एसएचओ सुशील जोशी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
