(नैनीताल) मोरा गांव में वन विभाग के जाल में फंसा गुलदार, डीएनए जांच से होगा आदमखोर होने का खुलासा

खबर शेयर करें 👉

नैनीताल। शहर के मनोर रेंज स्थित मोरा गांव में वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजड़े में एक गुलदार कैद हुआ है। इसके बाद विभाग ने राहत की सांस ली है।

ग्रामीणों की सूचना के बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंच गई है। जहां से पकड़े गए गुलदार को रानीबाग रेस्क्यू सेंटर लाया जाएगा। गुलदार के डीएनए नमूने की जांच के बाद ही उसके आदमखोर होने की पुष्टि होगी।

बता दें कि नैनीताल वन विभाग मानव- वन्य जीव संघर्ष को लेकर संवेदनशील क्षेत्र बना हुआ है। बीते दिनों मनोर रेंज के ज्योली गांव में एक महिला को वन्य जीव ने निवाला बना लिया था। वहीं बीते शुक्रवार को रामनगर वन प्रभाग के भदयूनी गांव में एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक जिसके पीछे वन्य जीव हमले की पुष्टि कर चुके हैं। क्षेत्र में गुलदार और बाघ आवाजाही को देखते हुए वन विभाग की टीम ने भदयूनी और मोरा गांव में पिजड़ा लगाया था। सोमवार रात पिंजरे में एक गुलदार कैद हो गया। सुबह ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।