(लालकुआँ) 35 लाख की बरामदगी पर पुलिस टीम का भव्य स्वागत, लालकुआं पुलिस के शानदार खुलासे पर जनता ने की जमकर सराहना

खबर शेयर करें 👉

लालकुआं। थाना लालकुआं पुलिस ने क्षेत्र में हुई कई बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए करीब 35 लाख रुपये कीमत की सोने की ज्वैलरी बरामद कर एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह लालकुआं थाना क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी ज्वैलरी बरामदगी मानी जा रही है।


जानकारी के अनुसार ग्राम चित्रकूट तिवारी नगर बिन्दुखत्ता निवासी श्रीमती चन्द्रा देवी के घर में दिनदहाड़े अज्ञात चोर ने किचन का ताला तोड़कर अलमारी से सोने के हार, मंगलसूत्र, नथ, कर्णफूल, अंगूठी, चेन, पौंजी, मांगटीका सहित कई कीमती आभूषण चोरी कर लिए थे। मामले में श्रीमती चन्द्रा देवी की तहरीर पर 19 मई 2026 को थाना लालकुआं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद नैनीताल के आदेश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री मनोज कत्याल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी लालकुआं श्री अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा और वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक सिंह विष्ट के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में उपनिरीक्षक गौरव जोशी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस टीम ने करीब 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास घूम रहे एक संदिग्ध युवक की पहचान की गई। सीसीटीवी के आधार पर उसका पीछा करते हुए और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 23 मई 2026 को जिंजर होटल सिडकुल रुद्रपुर के सामने से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं 39 वर्षों की शानदार सेवा के बाद हरिश्चंद्र अवस्थी को नैनीताल आंचल दुग्ध संघ ने दी भावभीनी विदाई


गिरफ्तार आरोपी की पहचान भानुप्रताप पुत्र रोशनलाल निवासी मुडिया नबी बक्श थाना बहेड़ी जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में सोने के आभूषण और टूटे हुए जेवरात बरामद हुए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड पहाड़ों में बारिश गरज-चमक, फिलहाल रहेगी मैदान और तराई में चटक धूप का सितम


पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2025 में बिन्दुखत्ता क्षेत्र में हुई दो अन्य चोरियों को भी कबूल किया। इनमें संजयनगर द्वितीय बिन्दुखत्ता निवासी श्रीमती पार्वती देवी पत्नी प्रताप सिंह तथा रावतनगर द्वितीय बिन्दुखत्ता निवासी कुंवर सिंह मेहता पुत्र त्रिलोक सिंह के घर हुई चोरी शामिल है। पुलिस ने दोनों मामलों के वादियों को बुलाकर बरामद जेवरों की शिनाख्त कराई, जिसमें उन्होंने अपने चोरी हुए सामान की पहचान की।

यह भी पढ़ें 👉  घर लौट रहे बीएसएफ जवान की रहस्यमयी मौत, काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर मचा हड़कंप


लालकुआं पुलिस की इस सफलता पर स्थानीय जनता ने पुलिस टीम की जमकर सराहना की। बिन्दुखत्ता सेना संगठन के अध्यक्ष पूरन सिंह शाही के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस टीम को फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान गोविंद सिंह कोरंगा, शमशेर सिंह बिष्ट, ललित सिंह रौतेला, मोहन सिंह कोरंगा, हयात सिंह कोरंगा, सोनू कोरंगा, दीवान सिंह बिष्ट, भीम सिंह कोरंगा, नवीन जोशी, बलवंत सिंह कोरंगा, मनोहर सिंह मेहता, नीरज कुमार और राकेश सिंह शाह समेत कई लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad