अल्मोड़ा। सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट संजय पाण्डे ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा के प्राचार्य प्रो. गोविंद सिंह तितियाल से उनके कार्यालय में मुलाकात कर मरीजों और उनके परिजनों से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दे उठाए। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता आशीष जोशी भी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान संजय पाण्डे ने मेडिकल कॉलेज एवं उससे संबद्ध अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को अनावश्यक रूप से पहाड़ से बाहर न जाना पड़े। इसके लिए मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने मरीजों को रेफर किए जाने की प्रक्रिया पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी मरीज को रेफर करने का निर्णय उचित चिकित्सकीय कारणों तथा संबंधित विशेषज्ञ या वरिष्ठ चिकित्सक की सलाह के आधार पर ही लिया जाना चाहिए। बिना वरिष्ठ चिकित्सक की अनुमति के किसी कर्मचारी द्वारा मरीज के परिजनों को अन्यत्र उपचार कराने या रेफर की सलाह नहीं दी जानी चाहिए।
संजय पाण्डे ने दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के परिजनों की सुविधा के लिए प्रत्येक ओपीडी और विभाग में अधिकृत टेलीफोन नंबर उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया। उनका कहना था कि कई बार परिजन हर समय अस्पताल में मौजूद नहीं रह पाते, ऐसे में उन्हें निर्धारित समय पर फोन के माध्यम से मरीज की स्थिति और उपचार संबंधी जानकारी मिलनी चाहिए।
प्राचार्य प्रो. गोविंद सिंह तितियाल ने संजय पाण्डे द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा, “मेडिकल कॉलेज किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि अल्मोड़ा की पूरी जनता का है।”
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता आशीष जोशी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज पहाड़ के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान है और यहां की व्यवस्थाएं जितनी बेहतर होंगी, उतना ही लाभ अल्मोड़ा सहित आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के मरीजों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि मरीजों की छोटी-छोटी समस्याओं का समय पर समाधान भी अत्यंत आवश्यक है, जिसके लिए प्रशासन और समाज के लोगों को सकारात्मक सहयोग के साथ आगे आना चाहिए।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
