हल्द्वानी। बनभूलपुरा स्थित एक निजी इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान एक छात्रा के अचानक चीखने-चिल्लाने से अफरा-तफरी मच गई। छात्राओं के बीच भूत-प्रेत की बाधा की अफवाह फैलने से परीक्षा कक्ष में दहशत का माहौल बन गया। स्कूल प्रशासन ने स्थिति संभालते हुए छात्राओं को शांत कराया और बाद में छुट्टी कर दी।
जानकारी के अनुसार, कॉलेज में कक्षा 10वीं और 11वीं की कुछ छात्राओं को अचानक चक्कर आने और तबीयत खराब होने की शिकायत हुई। इसी दौरान एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने से आसपास बैठी छात्राएं घबरा गईं और कुछ छात्राएं रोने लगीं। देखते ही देखते कॉलेज में भूत-प्रेत की बाधा की अफवाह फैल गई।
अफवाह फैलने के बाद परीक्षा दे रही छात्राओं में दहशत का माहौल बन गया। सूचना पर स्कूल प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं को समझाया और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद एहतियातन स्कूल में छुट्टी कर दी गई।
स्कूल प्रवक्ता नीलम ने बताया कि कुछ छात्राओं की तबीयत खराब होने की जानकारी सामने आई थी। भूत-प्रेत की बात महज अफवाह है। स्थिति सामान्य होने के बाद छात्राओं को छुट्टी दे दी गई।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
