देहरादून। जौनसार-बावर के उदांवा गांव तक सड़क पहुंचाने की मांग अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंच गई है। बुल्हाड़ गांव से बरात के साथ करीब 18 किलोमीटर का दुर्गम रास्ता पैदल तय कर ससुराल पहुंची दुल्हन शर्मिला की गुहार पर मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए सड़क निर्माण के निर्देश दिए हैं।
सड़क सुविधा से वंचित गांव की समस्या सामने आने के बाद ग्रामीणों को अब जल्द सड़क बनने की उम्मीद जगी है। चकराता तहसील के बुल्हाड़ गांव निवासी शर्मिला का विवाह उदांवा गांव के अनिल के साथ हुआ है।
चार घंटे पैदल चलकर पहुंची थी ससुराल
मंगलवार को विवाह के बाद शर्मिला पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत बरात के साथ ससुराल के लिए रवाना हुईं। उदांवा गांव तक सड़क नहीं होने के कारण उन्हें बरातियों के साथ करीब 18 किलोमीटर का दुर्गम रास्ता पैदल तय करना पड़ा। इस सफर में लगभग चार घंटे लगे।
लंबे और कठिन पैदल सफर के दौरान शर्मिला ने मुख्यमंत्री से उदांवा गांव तक मोटर मार्ग बनवाने की गुहार लगाई थी। गांव की इस समस्या और दुल्हन की परेशानी को ‘दैनिक जागरण’ ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग को उदांवा गांव तक सड़क निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि वर्षों से चली आ रही सड़क की मांग अब पूरी हो सकेगी और गांव के लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
