बिंदुखत्ता। संजय नगर फर्स्ट में गुरुवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर से चंद कदम की दूरी पर खेत में एक अजगर ने बकरी को जकड़ लिया। अजगर की गिरफ्त में फंसी बकरी को बचाने के लिए ग्रामीण मौके पर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद उसे छुड़ाया, लेकिन तब तक बकरी दम तोड़ चुकी थी।
घटना विनोद कुमार पुत्र बिहारी लाल के घर के पास खेत में शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच हुई। आबादी के बीच अजगर के इस तरह पहुंचने और बकरी को जकड़ने की घटना से आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोगों को अब बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम में सांपों के रेस्क्यू में दक्ष हरीश शर्मा भी शामिल रहे। टीम ने काफी सावधानी के साथ अजगर को काबू में लेकर सुरक्षित रेस्क्यू किया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के नजदीक इस तरह अजगर के पहुंचने से खतरा बढ़ गया है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और ऐसे मामलों में तत्काल रेस्क्यू कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
