हल्द्वानी। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की तलाश में एसआईटी की सक्रियता को लेकर बुधवार को हल्द्वानी में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। सुबह से ही एसआईटी की टीम के आरटीओ रोड स्थित लालपुर नायक के बृजानंद विहार में मंत्री के आवास पर पहुंचने की खबरें फैलती रहीं। कुछ चर्चाओं में टीम के मुक्तेश्वर तक पहुंचने की बात भी कही गई। हालांकि, हल्द्वानी में एसआईटी की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
स्थानीय पुलिस और खुफिया तंत्र की ओर से भी इस संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। हल्द्वानी में एसओजी से जुड़े सूत्रों के हवाले से गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू की तलाश में एसआईटी के पहुंचने की बात सामने आई, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की।
मंत्री रेखा आर्या के आवास पर वर्तमान में एक पीआरडी जवान और तीन स्टाफ कर्मी तैनात हैं। वहां मौजूद कर्मियों के अनुसार, बुधवार सुबह से आवास पर कोई टीम नहीं पहुंची थी। आवास के बाहर भी सामान्य स्थिति बनी रही, जबकि परिसर के भीतर कुछ कर्मचारी निर्माण कार्यों की देखरेख में जुटे थे।
इससे पहले भी एसआईटी की कार्रवाई को लेकर हलचल रही थी। तीन दिन पहले टीम के बरेली पहुंचने की चर्चा सामने आई थी, हालांकि वहां से कोई सफलता मिलने की जानकारी नहीं मिली। इसके बाद बुधवार को हल्द्वानी में संभावित दबिश की खबरों ने मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया।
15 अक्टूबर को दर्ज हुआ था मुकदमा
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बीती 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ शिकायत दी थी। शिकायत में मारपीट, धोखे से शादी करने और हत्या की साजिश समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की थी। इसके बाद से गिरधारी लाल साहू की तलाश में संभावित ठिकानों पर कार्रवाई किए जाने की चर्चाएं सामने आती रही हैं।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
