दिनेशपुर बोनट पर लटकाकर एएसआई को घसीटते रहे बदमाश,साइबर आरोपित को पकड़ने गई हरियाणा पुलिस पर हमला, आरोपी फरार

खबर शेयर करें 👉

दिनेशपुर। उत्तराखंड का दिनेशपुर इलाका अब साइबर अपराधियों का नया गढ़ बनता जा रहा है। हालात इतने बेकाबू हो चुके हैं कि अब अपराधियों को पुलिस का भी खौफ नहीं रह गया। ताजा मामला ऐसा है जिसने पुलिस महकमे तक को हिला दिया। साइबर ठगी के आरोपित को पकड़ने पहुंची हरियाणा पुलिस की टीम पर हमला कर दिया गया और एक एएसआई को कार के बोनट पर लटकाकर करीब पांच किलोमीटर तक घसीटा गया।
शुक्रवार रात हरियाणा के हांसी थाने के एएसआई प्रेम कुमार अपनी टीम के साथ दिनेशपुर पहुंचे थे। यहां आमद दर्ज कराने के बाद टीम साइबर अपराध में वांछित उदयनगर निवासी भारत सिंह को पकड़ने उसके गांव पहुंची। पुलिस ने जैसे ही आरोपित को हिरासत में लेने की कोशिश की, वहां मौजूद युवक और उसके साथी बेकाबू हो गए।

यह भी पढ़ें 👉  कुमाऊं पुलिस में बड़ा फेरबदल, नैनीताल-ऊधमसिंह नगर समेत छह जिलों में बदले गए 29 निरीक्षक


बताया जा रहा है कि आरोपित पुलिस टीम से भिड़ गए और अचानक कार में बैठकर फरार होने लगे। इसी दौरान एएसआई प्रेम कुमार उन्हें रोकने के प्रयास में कार के सामने आ गए, लेकिन आरोपितों ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। जान बचाने के लिए एएसआई बोनट पर चढ़ गए, मगर बदमाश उन्हें लेकर भाग निकले।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज रफ्तार में दिनेशपुर से बसंतपुर की ओर दौड़ी और करीब पांच किलोमीटर तक एएसआई बोनट से चिपके रहे। आखिरकार आरोपित उन्हें नीचे फेंककर फरार हो गए। इस दौरान एएसआई घायल भी हो गए।


दिनेशपुर थाना प्रभारी रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि हरियाणा पुलिस की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जिस रास्ते से बदमाश भागे, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं में पूर्व सैनिक व नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के जन्मदिन पर पर्यावरण मित्रों ने जताया स्नेह, दीर्घायु की कामना की


एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि साइबर अपराधी अब “म्यूल अकाउंट” का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रहे हैं। इन खातों के जरिए ठगी की रकम को एक जगह से दूसरी जगह ट्रांसफर किया जाता है ताकि पुलिस तक असली मास्टरमाइंड न पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने में जिले में म्यूल खातों से जुड़े पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जबकि 800 से ज्यादा संदिग्ध खातों की जांच चल रही है। पुलिस अब ऐसे नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।


दिनेशपुर थाना क्षेत्र के कई गांव अब देशभर की पुलिस एजेंसियों के निशाने पर हैं। पिछले तीन महीनों में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और कोलकाता पुलिस यहां लगातार दबिश दे चुकी है। अब तक 12 से ज्यादा युवकों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून में नीली आंखें और सफेद बदन पर काली धारियां, दून चिड़ियाघर का नया आकर्षण बना ‘तेजस’ मुख्यमंत्री धामी ने किया उद्घाटन


धर्मनगर, मोहनपुर, सुंदरपुर, विजयनगर और उदयनगर जैसे गांवों का नाम साइबर ठगी के मामलों में सामने आ रहा है। आरोप है कि यहां के कई युवक म्यूल खाते उपलब्ध कराकर ठगी के करोड़ों रुपये इधर से उधर पहुंचाने में मदद कर रहे हैं।


कुछ दिन पहले पंजाब पुलिस ने धर्मनगर गांव से एक युवक को हिरासत में लिया था, जिस पर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी का आरोप था। वहीं दिल्ली पुलिस भी मोहनपुर, सुंदरपुर और विजयनगर में छापेमारी कर पांच युवकों को पकड़ चुकी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad